A NSW Government website
Multicultural Health Communication Service

Hindi | हिन्दी

Multicultural Health Week 2026

बहुसांस्कृतिक स्वास्थ्य सप्ताह 2026 (मल्टीकल्चरल हेल्थ वीक 2026)

31 अगस्त – 6 सितम्बर

शारीरिक गतिविधि के माध्यम से अपने मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण को बेहतर बनाना

शारीरिक गतिविधि करना हर आयु पर हमारे मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण में सहायता करने का एक प्रभावी और सुलभ तरीका है। बच्चों, वयस्कों और वृद्ध लोगों के लिए, नियमित रूप से शारीरिक गतिविधि करने से नींद में सुधार हो सकता है, ऊर्जा के स्तर बढ़ सकते हैं, आत्म-विश्वास और आत्म-सम्मान में वृद्धि हो सकती है, तथा मनोदशा के साथ और ध्यान देने में बेहतर सहायता मिल सकती है। शारीरिक रूप से सक्रिय होने से तनाव को कम करने में, चिंता के लक्षणों को दूर करने और कैंसर तथा दीर्घकालिक स्वास्थ्य समस्याओं के खतरे को कम करने में भी मदद मिल सकती है।

मुख्य संदेश

अपने मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल करना अपने शारीरिक स्वास्थ्य की देखभाल करने जितना ही महत्वपूर्ण है। किसी भी तरह से अपने शरीर को हिलाने-डुलाने से मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण में सहायता मिल सकती है।

  • बच्चों और युवा लोगों के लिए, शारीरिक गतिविधि से सीखने और ध्यान देने में सहायता मिलती है, आत्म-विश्वास बेहतर होता है, नींद में सुधार होता है, तनाव का प्रबंध करने और संपर्क तथा मित्रताएँ बनाने में सहायता मिलती है।
  • वयस्कों के लिए, शारीरिक गतिविधि से नींद में सुधार लाने, ऊर्जा स्तरों को बढ़ाने, आत्म-विश्वास तथा आत्म-सम्मान को बेहतर बनाने, मनोदशा और ध्यान देने में सुधार करने, अकेलेपन को कम करने, तनाव तथा चिंता के लक्षणों को कम करने और कैंसर तथा स्थायी स्वास्थ्य समस्याओं के उनके खतरे को कम करने में सहायता मिलती है।
  • वृद्ध लोगों के लिए, शारीरिक गतिविधि से अधिक स्पष्ट रूप से सोच-विचार करने, याददाश्त को बनाए रखने और इसमें सुधार करने, मस्तिष्क को स्वस्थ बनाए रखने, गिरने के जोखिम को कम करने, तथा अधिक स्वतंत्र बने रहने में सहायता मिलती है।
  • कैंसर या स्थायी स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित या इससे उबरने वाले लोगों के लिए, शारीरिक गतिविधि से उपचार, रिकवरी (बहाली) और समुचित कल्याण के साथ सहायता मिल सकती है।
  • मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित लोगों के लिए, शारीरिक गतिविधि से मनोदशा में सुधार करने, अवसाद (डिप्रेशन) तथा चिंता के लक्षणों को कम करने और रिकवरी (बहाली) का समर्थन करने में सहायता मिलती है।

बेहतर मानसिक स्वास्थ्य के लिए शारीरिक रूप से सक्रिय होने से जुड़े सामान्य चरण

  • कोई ऐसी गतिविधि चुनें जिसे करने में आपको आनन्द आता हो, जैसे कि सैर करना, ताई ची, योग, तैराकी, या नृत्य करना। इसे नियमित रूप से करना और भी बेहतर है।
  • परिवार और मित्रों के साथ शारीरिक रूप से सक्रिय रहें। सैर करने, बाइक चलाने, खेलकूद करने, या मिलकर नृत्य करने की कोशिश करें।
  • वातावरण में शारीरिक रूप से सक्रिय रहें। पार्क में सैर करने, बीच (समुद्री तट) या पूल में तैरने या बागवानी करने की कोशिश करें।
  • पूरे दिन भर चलते-फिरते रहें। दुकानों या बस स्टॉप तक पैदल चलकर जाएँ, गतिविधियों के बीच स्ट्रेचिंग करें या यदि आप लम्बी अवधियों के लिए बैठे रहते हैं तो खड़े हो जाएँ।
  • अच्छे नींद लें। अपने सोने का समय नियमित रखने की कोशिश करें, अपने सोने के कमरे में शोर-शराबा, गर्मी और रोशनी कम करें, और सोने से पहले स्क्रीन (फोन आदि) न देखने की कोशिश करें।